पैंटी साइज, प्रकार और हाइजीन चुनने की पूरी गाइड: ननद काजल और पायल भाभी की कहानी (भाग 2)
मेरे द्वारा ब्रा के बारे में बताए जाने के बाद मेरी ननद काजल को बहुत आराम मिला। अगले दिन मेरे पति (मतलब काजल के भाई समीर) के ऑफिस जाने के बाद काजल मेरे पास आकर बैठी और कहा:
काजल: थैंक यू भाभी, आपकी कही बातों से मुझे मेरी ब्रा की सटीक माप पता चली जिसके कारण आज मैं बहुत राहत महसूस कर रही हूं। मुझे कल से एक बार भी दर्द नहीं हुआ।
मैं (पायल): इसमें धन्यवाद की कोई बात नहीं है काजल, ये तो मेरा फर्ज था।
काजल: भाभी मुझे पैंटी के बारे में भी समझाइये ना, मुझे थोड़ी तकलीफ हो रही है इसकी फिटिंग को लेकर।
आज काजल बोलते समय बिल्कुल सामान्य थी उसे किसी प्रकार की झिझक नहीं हो रही थी। मैं कुर्सी से उठकर गई और अपनी अलमारी से अलग अलग तरह की पैंटी लेकर आई और टेबल पर उन सबको फैला दिया ताकि पढ़ाते समय काजल इनको हाथों में लेकर इनकी डिजाइन और उपयोगिता को समझ सके।
अगर आप भी जानना चाहते हैं कि मैने ब्रा से संबंधित किन तथ्यों से काजल को अवगत करवाया तो हमारे पिछले लेख को नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके अवश्य पढ़ें 👇
अध्याय 1. पैंटी का महत्व और महिला स्वास्थ्य (Importance of Panty & Women's Hygiene)
पैंटी का काम केवल शरीर के अंग विशेष को ढंकना ही नहीं, बल्कि लोअर से सुरक्षा भी करना होता है। शरीर विज्ञान और स्त्री रोग विज्ञान के अनुसार महिलाओं का यह अंग बेहद कोमल और संवेदनशील होता है जहां प्राकृतिक रूप से नमी होती है।
ऐसे में वहां की नमी का सूखना आवश्यक हो जाता है नहीं तो बैक्टीरिया और फंगस (Fungal Infection) को पनपने का खतरा बना रहता है। अगर एक उच्च स्तरीय फैब्रिक से बनी और उपयुक्त आकार वाली पैंटी का प्रयोग नहीं किया जाए तो कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं जैसे - सफेद पानी का प्रवाह (White Discharge), खुजली, त्वचा का काला पड़ना और बदबू आदि। इन्हीं कारणों से ब्रा की तरह ही पैंटी का महत्व एक स्त्री के जीवन में बहुत अधिक होता है।
अध्याय 2. पैंटी का इतिहास (History of Underwear)
काजल ने उत्सुकता से पूछा, "भाभी, क्या पुरातन समय में भी महिलाएं पैंटी के महत्व को समझते हुए आज के दौर की डिजाइन का इस्तेमाल करती थीं?"
मैं उसकी इस उत्सुकता और उसके मन में जन्म ले रहे प्रश्नों से खुश हो रही थी क्योंकि मनोविज्ञान कहता है कि किसी टॉपिक को सीखने के दौरान अगर मन में विभिन्न तरह के प्रश्न उत्पन्न हो रहे हैं तो इसका स्पष्ट मतलब है कि हमारा दिमाग विषय की गहराई को समझ रहा है।
मैने उसे समझाया, "देखो काजल पहले महत्व तो लोगों को जरूर पता था लेकिन जहां तक डिजाइन की बात है तो यह एक दिन की बात नहीं होती। यह जरूरतों और समय के अनुसार बदलती है। आरम्भ में मिस्र, ग्रीस और रोम में पैंटी महज एक कपड़ा हुआ करती थी जिसे महिलाएं लपेटती थीं। अंग्रेजी में इस कपड़े को उस दौर में loin cloth कहा करते थे। भारतीय परिवेश की अगर बात करें तो इसको कई नामों से जाना जाता था जैसे - नींवी, लंगोट, कटि-वस्त्र इत्यादि। मध्यकालीन भारत में महिलाएं घाघरे के अंदर कोई अतिरिक्त इनरवियर नहीं पहना करती थीं।
आधुनिक पैंटी का विकास वास्तव में यूरोप में 18वीं शताब्दी के उत्तरार्ध से शुरू हुआ जब वहां औद्योगिक क्रांति आई। चूंकि कपड़े के संबंध में कच्चा माल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध था, कारीगर विभिन्न प्रकार के आकर्षक कपड़े बनाने लगे ताकि उनका तैयार माल बिक जाए।
यदि सिर्फ पैंटी के वर्तमान स्वरूप की बात करें तो 20वीं शताब्दी के आरंभ में इलास्टिक के प्रयोग ने इसको आरामदायक तो बनाया ही, बल्कि इसके निर्माण में एक क्रांति ला दी। हालांकि कपड़ों की इलास्टिक का आविष्कार थॉमस हैनकॉक ने 1820 में ही कर दिया था लेकिन बहुत समय बाद इसका प्रयोग पैंटी में किया गया।
अध्याय 3. पैंटी की संरचना (Anatomy of Panties)
काजल अगर समग्र रूप से देखें तो पैंटी की बनावट में कुछ शब्दों का प्रयोग लगभग सभी प्रकारों में होता है। अगर एक बार इनकी समझ विकसित हो गई तो इसकी डिजाइन समझना बेहद आसान हो जाएगा। आओ मैं बताती हूं। मुख्य रूप से एक पैंटी के 6 भाग होते हैं:
- वेस्टबैंड (Waistband): पैंटी का सबसे ऊपरी गोल घेरे वाला इलास्टिक युक्त भाग वेस्टबैंड कहलाता है। जहां एक तरफ इलास्टिक ग्रिप उत्पन्न करता है वहीं दूसरी ओर यह भाग कूल्हे की हड्डी (Hip Bone) पर टिकता है।
- क्रॉच पैनल (Crotch Panel): जनन अंग को ढंकने में उपयोगी यह वेस्टबैंड के नीचे वाला भाग होता है।
- गसेट (Gusset): जनन अंग को और अधिक सुरक्षित रखने के लिए क्रॉच पैनल में लगाए जाने वाले मुलायम कपड़े के अतिरिक्त टुकड़े को ही गसेट कहते हैं। इसमें सामान्यतः ऐसे कपड़ों का चयन किया जाता है जिनमें नमी को अवशोषित करने की क्षमता हो।
- लेग ओपनिंग्स (Leg Openings): दो गोल घेरे या छेद जिनमें पैर डालकर हम पैंटी पहनते हैं, लेग ओपनिंग कहलाते हैं।
- फ्रंट पैनल (Front Panel): यह पेट के निचले भाग को ढंकने वाला पैंटी का का आगे का भाग होता है। इसे ऐसे भी समझ सकते हैं कि यह क्रॉच पैनल और वेस्टबैंड के बीच स्थित रहता है।
- बैक पैनल (Back Panel): कूल्हों (hips/buttocks) को ढंकने वाले पैंटी के पिछले भाग को ही बैक पैनल कहा जाता है।
अध्याय 4. पैंटी के सभी प्रकार (Types of Panties)
काजल की उत्सुकता बढ़ती जा रही थी। उसने टेबल पर रखी पैंटी को देखते हुए पूछा, "भाभी, बाजार में और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म में तो पैंटी के नाम पर अनगिनत डिजाइन और प्रकार उपलब्ध हैं। मैं कैसे समझूंगी कि मेरे लिए कौन सी पैंटी बेस्ट है जो मेरी जरूरत को पूरा करेगी?"
मैने कहा, " काजल, इसका सबसे बेहतर उपाय यह है कि हम इसके सभी प्रकारों को जरूरतों के साथ समझ लें। इससे दो फायदे होंगे - पहली बात यह कि हमारी जानकारी विस्तृत रूप से बढ़ जाएगी, और दूसरी बात हमारा नजरिया जरूरत के अनुसार डिजाइन के प्रति स्पष्ट हो जाएगा। तो फिर देर किस बात की, मैने पैंटी की लगभग सभी डिजाइन तुम्हारे सामने टेबल पर रख दी है। अब मैं तुम्हें एक एक पैंटी के महत्व और उपयोग को समझाऊंगी।
A) रोज़मर्रा और बेहतरीन आराम के लिए (Daily Wear & Comfort)
दैनिक जीवन में कपड़ों का चयन ऐसा करना चाहिए ताकि हमारे काम में ध्यान भंग ना हो मतलब अगर कपड़े आरामदायक नहीं होंगे तो काम छोड़कर हम बार बार कपड़ों को ही ठीक करती रहेंगी। इस बात को महत्व देते हुए कई प्रकार की पैंटी का तुम उपयोग कर सकती हो जैसे:
- क्लासिक पैंटी (Briefs / Granny Panties): इसका प्रयोग लगभग सभी शादीशुदा महिलाएं और अविवाहित लड़कियां करती हैं। इसमें वेस्ट बैंड की दो स्थितियां होती हैं - एक नाभि पर और दूसरी नाभि के ठीक नीचे। यह कूल्हे की हड्डी को पूरी तरह से ढंक देती हैं। इसका महत्व सबसे अधिक period के दौरान महसूस होता है।
- हिपस्टर (Hipsters): आजकल की कॉलेज जाने वाली लड़कियों द्वारा इसका अधिक प्रयोग किया जाता है। लो-वेस्ट जींस या स्कर्ट के नीचे पहनी जाने वाली इस प्रकार की पैंटी पीछे से पूरी कवरेज देने के साथ साथ हिप बोन (कूल्हे की हड्डी) पर अच्छे से बैठ जाती है।
- बायशॉर्ट्स (Boyshorts): जिन लड़कियों के घुटने खड़े होने पर आपस में सटते हैं, उनके संवेदनशील अंगों को रैशेज से बचाने के लिए इसको बनाया जाता है क्योंकि पुरुषों के बॉक्सर शॉट की भांति यह जांघों के ऊपरी हिस्से तक जाती है और पूरी कवरेज देती है।
B) मॉडर्न फैशन और टाइट कपड़ों के लिए (Modern & Outfits Specific)
जैसा हम सभी जानते हैं आज के इस दौर में प्रत्येक इंसान अपने कपड़ो की सुंदरता के प्रति सजग रहता है, इसलिए यह जरूरी है कि कपड़ो की मॉडर्न बनावट के अनुसार पैंटी का चुनाव किया जाए। इस क्रम में इसके कई प्रकार होते हैं जैसे:
- थोंग (Thong): इसमें पीछे की तरफ कपड़े सिर्फ एक पतली पट्टी होती है। बॉडीकॉन ड्रेस, लेगिंग्स या पतली पैंट के साथ इसको पहना जाता है ताकि पीछे से पैंटी का उभार नहीं दिखे।
- जी-स्ट्रिंग (G-String): यह थोंग का ही एक विकसित स्वरूप है जिसमें इलास्टिक वेस्ट बैंड की जगह कपड़े की पतली डोरी होती है। इसको मुख्य रूप से अल्ट्रा-टाइट या बैकलेस वेस्टर्न आउटफिट्स के नीचे पहना जाता है ताकि इनरवियर की लाइनें बिल्कुल न दिखें।
- बिकनी पैंटी (Bikini): हिपस्टर्स से मिलती जुलती यह पैंटी बेहद आरामदायक होती है। फर्क बस इतना होता है कि हिपस्टर्स से अलग, इसमें side के हिस्से बहुत पतले होते हैं। यह वास्तव में एक लो-वेस्ट है।
- सीमलेस पैंटी (Seamless Panty): लेज़र-कट तकनीक से बनाई जाने वाली इस पैंटी में कोई सिलाई या जोड़ नहीं होता। योग या जिम या किसी अन्य शारीरिक व्यायाम के समय इसका उपयोग करना चाहिए।
C) खास जरूरतों और शादियों के लिए (Special & Bridal Care)
- पीरियड पैंटी (Period Panty): इसको विशेष रूप से पीरियड के दौरान होने वाली फ्लो को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। इसके क्रॉच और गसेट क्षेत्रों में द्रव्य (liquid) को सोखने वाली एक उच्च स्तरीय मुलायम परत लगाई जाती है जो पैड के साथ मिलकर अतिरिक्त सुरक्षा देती है।
- शेपवियर पैंटी (Control Top / Shapewear): इसकी सबसे बड़ी खासियत है - पेट और कमर की अतिरिक्त चर्बी को दबाकर रखने वाला वेस्ट बैंड। टाइट गाउन, साड़ी या फॉर्मल ड्रेस के साथ इसका प्रयोग किया जाता है ताकि लुक परफेक्ट स्लिम दिखे।
- ब्राइडल और लेस पैंटी (Bridal & Lace Collection): सैटिन, सिल्क और खूबसूरत जालीदार लेस से बनी इस प्रकार की पैंटी का उपयोग नवविवाहिताएं सामान्यतया करती हैं।
अध्याय 5. पैंटी फैब्रिक: त्वचा की सुरक्षा (Panty Fabric & Health)
मैंने देखा कि पैंटी के बारे में इतना सबकुछ जानकर काजल के चेहरे पर संतोष के भाव झलक रहे थे। मैंने उससे कहा, "तुम्हारी समस्या का मूल कारण पैंटी की डिजाइन नहीं है बल्कि उस कपड़े से है जिससे यह बनाई गई है। इसलिए अब मैं तुम्हें इसके निर्माण में उपयोग किए जाने वाले कपड़े की गुणवत्ता के बारे में बताऊंगी।"
- 100% कॉटन (सूती): दैनिक जीवन में, सिर्फ सूती कपड़े से बनी पैंटी को प्राथमिकता देनी चाहिए क्योंकि यह द्रव्य को बेहतर ढंग से अवशोषित करने की क्षमता रखती है। और जीवविज्ञान के नियमों के अनुसार सूखे अंगों पर बैक्टीरिया की जनन दर गीले क्षेत्रों की अपेक्षा काफी कम होती है।
- सैटिन और नायलॉन: इनकी नमी को अवशोषित करने की क्षमता सूती कपड़ों की अपेक्षा काफी कम होती है। इसलिए इनका प्रयोग कुछ घंटों के लिए करना चाहिए।
पायल, Note में लिखो कि कोई भी फैंसी पैंटी खरीदते समय हमेशा ध्यान रखें - संवेदनशील भाग को स्पर्श करने वाला पैंटी का भाग सूती कपड़े से निर्मित हो।
अध्याय 6. घर में पैंटी का सही साइज कैसे पता करें? (How to measure panty size at home?)
कॉपी में लिखने के बाद काजल ने अचानक एक सवाल किया, "भाभी, पैंटी की फिटिंग का पता लगाने के लिए भी ब्रा की तरह कोई गणितीय सूत्र या तरीका है?"
मैने कहा, "हां बिल्कुल है। लेकिन पैंटी के मामले में हिप साइज (Hip Size) की प्रमुख भूमिका होती है। आओ समझाती हूं। तुम बस खड़ी हो जाओ और जैसा कहती हूं वैसा करती जाओ।"
स्टेप 1: इंच टेप को एकदम सीधा रखते हुए अपने कूल्हों (Hips) के सबसे अधिक फूले हुए और चौड़े भाग के चारों ओर लपेटो।
स्टेप 2: इंच के आधार पर बड़ी बड़ी कपड़ों की कंपनियां पैंटी के आकार के निर्धारण के एक निश्चित चार्ट का अनुकरण करती हैं जिनको मैं अभी कुछ देर के बाद लिखवाऊंगी। फिलहाल मान लो कि इंच टेप की गणना 36 इंच है। तब तुम्हारी साइज कुछ इस प्रकार से निकाली जाएगी
- 32 - 34 इंच = XS (Extra Small)
- 34 - 36 इंच = S (Small)
- 36 - 38 इंच = M (Medium)
- 38 - 40 इंच = L (Large)
- 40 - 42 इंच = XL (Extra Large)
"हमारे द्वारा माना गया गणितीय आंकड़ा 36 इंच था। चूंकि यह (34 - 36) इंच और (36 - 38) इंच दोनों परिसरों में आता है, इसलिए तुमको S (Small) या M (Medium) साइज की पैंटी पहननी चाहिए।
अध्याय 7. हाइजीन और पैंटी केयर टिप्स (Washing & Hygiene Tips)
मेरी बातों से काजल बहुत संतुष्ट और प्रसन्न हो गई थी लेकिन अभी साफ सफाई की बात का महत्व समझाना शेष था। मैने उससे पूछा:
मैं (पायल): काजल, मैने तुमको पैंटी के बारे में लगभग सबकुछ समझाया। अब तुम मुझे बताओ कि डिजाइन और आकार ज्यादा जरूरी है या साफ सफाई?
काजल: भाभी, मेरी समझ कहती है कि दोनों पहलुओं (पहला डिजाइन और आकार तथा दूसरी सफाई) का बराबर महत्व है। गहराई से सोचें तो दोनों पक्ष एक दूसरे के पूरक हैं अर्थात एक के बिना दूसरा अधूरा है और दूसरे के बिना पहला।
मैं (पायल): शाबाश काजल, मुझे तुमसे इसी स्तर के सोच की उम्मीद थी।
काजल: भाभी, प्लीज़ आप मुझे बताओ ना। जो सावधानियां मुझे नहीं मालूम होगी उनको मैं लिख लूंगी।
मैं (पायल): अब मैं कहने जा रही हूं। तुम्हें जो बात नहीं पता होगी उसे तुम लिख लेना। कुछ सावधानियां हमें पैंटी के मामले में बीमार होने से बचाती हैं जैसे:
- धूप में सुखाना: पैंटीज़ को धोने के बाद अच्छी तरह धूप में सुखाने के बाद ही उपयोग करना चाहिए। नमीयुक्त पैंटी के इस्तेमाल से बचना चाहिए।
- एंटीसेप्टिक का उपयोग: पैंटी को माइल्ड डिटर्जेंट से धोने के बाद, साफ पानी में लिक्विड एंटीसेप्टिक की कुछ बूंदें डालकर उसमें कुछ देर डुबोकर रखना चाहिए ताकि सारे कीटाणु समाप्त हो जाएं।
- हर 6 महीने में बदलें: प्रत्येक 6 माह के बाद पुरानी पैंटी का उपयोग बंद करके नई पैंटी खरीदनी चाहिए।
- रात को बिना पैंटी के सोएं: यदि संभव हो तो रात को बिना पैंटी के सोएं। सोते समय ढीला पजामा या नाइटी पहनें ताकि त्वचा को खुलकर हवा (Air circulation) मिले और नमी जमा न हो। हालांकि, यदि आप पहनना ही चाहती हैं, तो रात के लिए बेहद ढीली और 100% सूती (Cotton) पैंटी का ही चुनाव करें।
अध्याय 8. निष्कर्ष और डिस्क्लेमर (Conclusion & Disclaimer)
मेरी बात मानकर काजल ने अपनी अलमारी से सारी सिंथेटिक पैंटीज़ हटा दीं और शुद्ध सूती (Cotton) से निर्मित हिपस्टर्स और सीमलेस पैंटीज़ ऑर्डर कीं। कुछ ही दिनों में उसकी खुजली और रैशेज की समस्या पूरी तरह गायब हो गई।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जागरूकता और स्वास्थ्य शिक्षा के उद्देश्य से लिखा गया है। इस लेख में प्रयुक्त सभी पात्र (जैसे काजल और पायल भाभी), नाम और घटनाएं पूरी तरह से काल्पनिक हैं, जिनका उद्देश्य केवल विषय को सरल और व्यावहारिक रूप से समझाना है। इसका किसी भी जीवित या मृत व्यक्ति से संबंध मात्र एक संयोग होगा।
साथ ही, यह सामग्री किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह का विकल्प नहीं है। यदि आपको निजी अंगों में लगातार अत्यधिक खुजली, घाव, असामान्य रूप से गाढ़ा डिस्चार्ज या जलन महसूस होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत किसी योग्य महिला रोग विशेषज्ञ (Gynecologist) या चिकित्सक से सलाह लें।

Comments
Post a Comment